रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के परसिया गांव में मकान निर्माण को लेकर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक और उसकी तीन बहनें घायल हो गईं। घायलों में एक महिला आठ माह की गर्भवती है। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिसका वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, परसिया गांव निवासी बिपिन सिंह (23) पुत्र फुलबदन सिंह अपने नए मकान का निर्माण करा रहे थे। मंगलवार की रात करीब आठ बजे उनके चाचा रामबदन ने निर्माण कार्य बंद कराने का दबाव बनाया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वहीं आरोप है कि रामबदन और उनके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से बिपिन सिंह पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी तीन बहनें सुनीता सिंह (32) पत्नी रबींद्र सिंह निवासी हरैया जमुआरी (थाना रौनापार), पूनम सिंह (25) पत्नी बंधन सिंह निवासी बढ़या (थाना रानी की सराय) तथा रिंकू (26) पत्नी अवध बिहारी निवासी शिवरी, जनपद बलिया भी हमले में घायल हो गईं।मारपीट में बिपिन सिंह सहित चारों घायल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल, आजमगढ़ में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में शामिल पूनम सिंह आठ माह की गर्भवती हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।