रिपोर्ट_______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद प्राथमिक विद्यालय सोढरी के प्रधानाध्यापक शिवदरश शर्मा पर छात्र को पढ़ाई के दौरान दूसरे के घर भेजकर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया गया है। मामले में छात्र राज गौतम के बाबा कतवारु ने तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोलहपुर गांव निवासी छात्र राज गौतम 16 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय सोढरी पढ़ने गया था। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान प्रधानाध्यापक शिवदरश शर्मा ने उसे किसी दूसरे व्यक्ति के घर भेज दिया, जहां उससे तंत्र-मंत्र कराया गया। छात्र राज गौतम के बाबा शिवदरश ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने उनके पोते को स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित घर में ले गए। इस दौरान छात्र राज गौतम को घर में मौजूद व्यक्ति ने पहले मीठा खिलाया। इसके बाद टीका लगाया और पांच बार घर के लोगों ने पैर छूकर उसे 52 रुपये देकर घर भेज दिए। जब राज घर पहुंचा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन उसकी बात सुनकर दंग हो गए। इसके बाद दूसरे दिन परिजन प्राथमिक विद्यालय सोढरी में पहुंचे जहां पर प्रधानाध्यापक से पूछताछ की लेकिन उनके द्वारा कोई उचित जवाब नहीं दिया गया। छात्र के बाबा कतवारु ने तहसील दिवस में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एसडीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी व्यासदेव व बीएसए राजीव कुमार पाठक को इस संबंध जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सूचित करने के लिए कहा गया है। शिवदरश शर्मा, प्रधानाध्यापक प्रा.वि.सोढरी शिक्षा क्षेत्र मिर्जापुर ने कहा कि छात्र लंच के समय बाहर चला गया था। पास में ही गांव के एक व्यक्ति के घर उत्सव मनाया जा रहा था। छात्र वहां पहुंचा तो भगवान का रूप मानकर उन्होंने बच्चे काे भी मिठाई दी और 52 रुपये उसे देकर घर भेज दिया गया। आधुनिकता की दौर में तंत्रमंत्र जैसा कुछ नहीं होता है। परिजन अंधविश्वास में जी रहे हैं, उनके द्वारा बेवजह मुझ पर आरोप लगाया जा रहा है। 

वहीं इस पूरे मामले पर व्यासदेव,खंड शिक्षा अधिकारी तहबरपुर ने कहा कि एसडीएम के निर्देश पर मुझे जांच के लिए कहा गया है। दो बजे के बाद सूचना मिली थी। इस कारण आज कुछ नहीं हो पाया। स्कूल खुलने पर वहां मैं स्वयं जाऊंगा और जांच कर आवश्यक कार्रवाई करुंगा।