रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव स्थित शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है। वहीं मृतका के पति की तहरीर पर अस्पताल संचालक डॉ. अकबर खान और उनकी पत्नी निकहत खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी ओमकार मौर्य ने अपनी पत्नी करिश्मा को 15 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया था। 16 जुलाई को ऑपरेशन के बाद बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। बढ़ते हंगामे के बीच स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल सील कर दिया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार आरोपित चिकित्सक दंपति की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।