रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को वाहन सहित हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ मुस्तफाबाद गांव निवासी दलसिंगार राम (50) पुत्र दुखीराम गोसाई की बाजार में सिलाई का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी दुकान से साइकिल द्वारा घर लौट रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही वह नंद पेट्रोल पंप के पास एनएच-4 मार्ग पर पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वहीं इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी शुरू की, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही उन्होंने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को कार सहित हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। मृतक दलसिंगार राम चार पुत्रों के पिता थे। परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। वहीं इस संबंध में गंभीरपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।