आज़मगढ़। जिले के लालगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत सिधौना में मनरेगा और वित्त आयोग की योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान अंजू देवी और ग्राम पंचायत अधिकारी धर्मेंद्र सरोज के खिलाफ 28,750 रुपये गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम निवासी संजीव कुमार सिंह ने पंचायत कार्यों में हो रही गड़बड़ियों को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) और अधिशासी अभियंता, बाढ़ खंड, आजमगढ़ को सौंपी गई। वहीं तकनीकी सहयोग के लिए अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण खंड को शामिल किया गया।
जांच रिपोर्ट में 15 बिंदुओं पर अनियमितता की पुष्टि हुई। इसमें पाया गया कि मनरेगा और वित्त आयोग के मस्टर रोल में एक ही दिन पर कई व्यक्तियों के नाम अलग-अलग कार्यों में दर्ज कर 28,750 रुपये का भुगतान दिखाया गया। रिपोर्ट में इसे जानबूझकर की गई गड़बड़ी बताते हुए गबन की मंशा से जोड़ा गया।
मामला इतना गंभीर था कि इसकी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची। जिसके के बाद ग्राम प्रधान अंजू देवी और ग्राम पंचायत अधिकारी धर्मेंद्र सरोज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
