रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब विदाई के दौरान दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने उसके साथ ससुराल जाने से साफ इंकार कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों को पुलिस के साथ कोतवाली पहुंचना पड़ा, जहां बाद में समझौते के बाद विवाद समाप्त हुआ। मिली जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के समरुपुर गांव निवासी नागेंद्र चौहान ने अपनी बेटी की शादी मऊ जनपद के भादवा गांव निवासी मुसाफिर चौहान पुत्र राजकुमार के साथ तय की थी। मंगलवार की रात बारात धूमधाम से समरुपुर पहुंची, जहां घरातियों ने बारात का स्वागत किया। शादी की सभी रस्में हंसी-खुशी पूरी हो गईं। वहीं बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी। नेग का सामान ट्रैक्टर पर लादा जा चुका था और दुल्हन गाड़ी में बैठने वाली थी, तभी दूल्हा शराब के नशे में लड़खड़ाने लगा। इसी दौरान उसके हाथ की अंगूठी गिर गई और गले की माला भी कहीं गुम हो गई। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन नाराज हो गई और उसके साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया। वहीं घटना के बाद दोनों पक्षों में काफी देर तक पंचायत चली, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में किसी ने इसकी सूचना जीयनपुर कोतवाली पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई, जहां काफी देर तक बातचीत और समझौते का दौर चला। और अंत में दोनों पक्षों के बीच ₹75 हजार में समझौता हुआ। लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष को ₹75 हजार वापस किए, जिसके बाद मामला शांत हुआ और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।