रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर पुलिस ने अपनी ही बेटी की हत्या में शामिल पिता सहित दो गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी इसी वर्ष मार्च में सात वर्षीय बालिका की निर्मम हत्या के मामले में वांछित थे।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों में गैंग लीडर जनई उर्फ विनय यादव और उसका सहयोगी विजय प्रताप निषाद शामिल हैं। दोनों गयासपुर गांव के निवासी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे।

बताया जा रहा है कि बीते 11 मार्च को गयासपुर निवासी विजय प्रताप निषाद ने अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रीति निषाद की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। अगले दिन गांव के बाहर बालिका का शव बरामद हुआ था। विवेचना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या में पिता विजय प्रताप निषाद स्वयं अपने साथियों जनई यादव और सेवक निषाद के साथ शामिल था।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तीनों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।


मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने भंवरनाथ से आगे गोरखपुर मार्ग पर दबिश देकर जनई यादव और विजय प्रताप निषाद को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार जनई उर्फ विनय यादव के खिलाफ पांच और विजय प्रताप निषाद के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।