
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। रक्तदान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने वाली सामाजिक संस्था निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) द्वारा आयोजित ‘संवेदना-2 सम्मान समारोह’ में आजमगढ़ के समाजसेवी डॉ. डी.डी. सिंह को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्हें रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन, रक्तदान जागरूकता अभियान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड’ तथा ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड’ सम्मान प्रदान किया गया। लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, राज्य मंत्री वैश्य नटवर गोयल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने डॉ. सिंह को सम्मानित किया। समारोह में वक्ताओं ने रक्तदान एवं अंगदान को समाज में और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया तथा डॉ. डी.डी. सिंह के सामाजिक योगदान की सराहना की।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.डी. सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे आजमगढ़ के सभी रक्तदाताओं, रक्तदात्रियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कहा कि सभी साथियों के सहयोग और जनता के विश्वास के कारण ही उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे, माधव श्याम त्रिपाठी, डॉ. अंजू सिंह, परमजीत सिंह जग्गी, आलोक अग्रवाल, इंजीनियर राजीव गोयल, सचिन श्रीवास्तव, अमित गुप्ता सहित निफा परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए रक्तवीरों और पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। गौरतलब है कि नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड सम्मान सामाजिक कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदान किए जाते हैं।
