
रिपोर्ट___आशीष कुमार निषाद
आजमगढ़ । जिले में पश्चिम बंगाल के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार बढ़त और प्रदर्शन से उत्साहित कार्यकर्ताओं का जोश आज सातवें आसमान पर नजर आया। भाजपा जिला अध्यक्ष (लालगंज) विनोद राजभर के नेतृत्व में सोमवार को शाम अतरौलिया में एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।विजय जुलूस का शुभारंभ स्थानीय निरीक्षण भवन से हुआ। हाथों में पार्टी का झंडा लिए और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं का हुजूम केसरी सिंह चौक की ओर बढ़ा। इस दौरान पूरे मार्ग पर ढोल-नगाड़ों की गूंज रही। उत्साह का आलम यह था कि कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जमकर थिरके। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया और राहगीरों का मुंह लड्डू से मीठा कराया। केसरी सिंह चौक पर सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी जिला अध्यक्ष विनोद राजभर ने इस बढ़त को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा,पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता दीदी के कुशासन और हिंसा की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र और गृह मंत्री अमित शाह जी की कुशल रणनीति की जीत है। आज अतरौलिया की धरती से हम बंगाल के उन वीर कार्यकर्ताओं को नमन करते हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कमल खिलाने का काम किया। यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में भाजपा पूरे देश में अभेद्य दुर्ग स्थापित करेगी।” जुलूस में शामिल अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी बंगाल की बढ़त पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने कहा “बंगाल में भाजपा का ग्राफ बढ़ना यह साबित करता है कि वहां की जनता अब बदलाव चाहती है। सोनार बांग्ला का सपना अब सच होने जा रहा है। जुलूस के समापन पर केसरी सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की गूंज और समर्थकों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन की मजबूती के लिए इसी ऊर्जा के साथ आगे भी कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर जिला कार्य समिति सदस्य अभिषेक सिंह सोनू,फूलचंद यादव, नीरज तिवारी, जयप्रकाश पांडे, देवनारायण पांडे, चन्द्रजीत तिवारी, सुनील पांडे, सुभाष निषाद, रमेश सिंह रामू,धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू , प्रदीप पांडे, प्रवीण सिंह, संजय सिंह शक्कू सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
