
लखनऊ। महाकुंभ पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने हमेशा सनातन का विरोध किया। उन्हें महाकुंभ पर राजनीति करने से बाज आना चाहिए और वहां आ रहे करोड़ों श्रद्धालुओं का स्वागत करना चाहिए।
सपा प्रमुख की टिप्पणी कि दाेनों उप मुख्यमंत्री हाथ पकड़कर मुख्यमंत्री को करवाएं गंगा स्नान पर यह पलटवार उप मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने कहा कि जब भी किसी ने सनातन का अपमान किया है, उसे पश्चाताप करना पड़ा है। अखिलेश और उनकी पार्टी सपा को भी पश्चाताप करना होगा।
सत्ता में रहते हुए अखिलेश ने कभी अयोध्या का विकास नहीं कराया। अतीत को देखें तो सपा सरकार में ही रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं। अब अयोध्या का बुनियादी ढांचा विश्व स्तरीय बनाया जा रहा है। जाति व पंथ के बावजूद करोड़ो लोग संगम में डुबकी लगाते हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री को दुख होता है। यदि उनमें साहस है, तो उन्हें अन्य धर्मों के खिलाफ भी बोलना चाहिए।