रिपोर्ट____आशीष निषाद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। शनिवार को ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अतरौलिया थाने पहुंचकर आरोपी पूर्व प्रधान के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाना क्षेत्र के चकचौबे (पलया) गांव निवासी पूर्व प्रधान हरिराम यादव उर्फ बागी ने 19 जून को फेसबुक पर ब्राह्मण समाज, पुजारियों तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित रूप से अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं। आरोप है कि इन टिप्पणियों से समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नीरज तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई ऐसी टिप्पणियां न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था का भी अपमान हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडे ने कहा कि किसी भी समाज, धर्म या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं, गन्ना समिति बूढ़नपुर के चेयरमैन चंद्रजीत तिवारी ने कहा कि कथित टिप्पणियों से क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। इस दौरान चंद्रजीत तिवारी, नीरज तिवारी, वीरेंद्र पांडे, प्रवीण सिंह, आनंद तिवारी, घनश्याम पांडे, बृजेश पांडे, अंकित शुक्ला, प्रदीप पांडे, संदीप पांडे, राम पूजन तिवारी और प्रमोद पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।