रिपोर्ट ___अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले के पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विवेक त्रिपाठी को भावभीनी विदाई दी गई। उनका स्थानांतरण अपर पुलिस अधीक्षक यातायात आजमगढ़ से अपर पुलिस अधीक्षक केंद्रीय भंडारण, जनपद सीतापुर के पद पर हुआ है। वहीं इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने श्री त्रिपाठी को माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदा किया। उन्होंने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख दरिया सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी—नगर, सदर, लालगंज, फूलपुर और बुढ़नपुर—तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वहां मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री विवेक त्रिपाठी को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके नए कार्यभार के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा।