रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बुधवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एलवल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने चिकित्सालय परिसर में स्थित केंद्रीय औषधि स्टोर रूम, ओपीडी कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, योग अभ्यास हाल और शौचालयों का निरीक्षण किया। ओपीडी में मौजूद मरीजों से उन्होंने इलाज और दवा वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। मौके पर मौजूद मेडिकल ऑफिसर आयुर्वेदिक डॉ. मोनिका अग्रवाल ने बताया कि जनपद में आयुर्वेद के 49 और यूनानी के 11 चिकित्सालय संचालित हैं, जहां दवाओं की आपूर्ति केंद्रीय औषधि स्टोर के माध्यम से की जाती है। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय औषधि स्टोर में आयुर्वेदिक दवाओं के पाउडर पैकेट सीलनयुक्त फर्श पर रखे मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए औषधि वितरण प्रभारी को 3 दिन के भीतर समस्त दवा स्टॉक को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा। हालांकि निरीक्षण में आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं की एक्सपायरी डेट सही पाई गई। डीएम ने चिकित्सालय परिसर में बंद पड़े सभी कक्षों को खुलवाकर निरीक्षण किया। कई कक्ष अव्यवस्थित और अक्रियाशील पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि सभी कक्षों को जल्द संचालित कर जनहित में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाई जाएं। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज का समुचित उपचार किया जाए तथा उपलब्ध दवाओं का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयुष चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।