रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब जयमाल और विवाह की रस्मों के बीच एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ पहुंच गई और दूल्हे पर प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवाने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा। आरोप है कि इस दौरान कुछ बरातियों ने पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थर भी चलाए। मिली जानकारी के अनुसार पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर पुत्र स्वर्गीय शिव की पुत्री की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार की शाम बारात धूमधाम से लड़की पक्ष के दरवाजे पहुंची थी। द्वारपूजा सहित कई रस्में पूरी हो चुकी थीं और परिवार शादी की खुशियों में डूबा था। इसी बीच रौनापार थाना क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और शादी उसी से होनी चाहिए। युवती के इस दावे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने पुलिस और युवती पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस किसी तरह युवती को मौके से लेकर बाहर निकली और तत्काल बिलरियागंज थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से जा चुका था। बताया जा रहा है कि सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर बाराती मौके से निकल गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लड़की पक्ष का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों की शादी तय हुई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में नौकरी करता है और छुट्टी लेकर घर आया था। दोनों परिवारों की सहमति से 22 मई 2026 को शादी की तारीख तय की गई थी। आरोप है कि वही युवती तीन दिन पहले भी घर पहुंचकर शादी रुकवाने की धमकी दे चुकी थी। इसकी जानकारी लड़के पक्ष को दी गई थी, लेकिन उन्होंने विवाद न होने का भरोसा दिया था।अचानक हुए विवाद के चलते लड़की पक्ष को खाने-पीने, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में भारी नुकसान उठाना पड़ा। खुशी का माहौल कुछ ही मिनटों में तनाव और मातम में बदल गया। घटना के सदमे से परिवार की एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।