
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत अहरौला थाना के निजामपुर गांव में बीती रात एक 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने पति पर शराब के नशे में मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के अंडिका गांव निवासी विद्यार्थी की शादी निजामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शुक्रवार की शाम धर्मेंद्र ने शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद और प्रताड़ना से आहत होकर विवाहिता ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया। कीटनाशक सेवन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और श्वान दल ने भी घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गई है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं इस संबंध में शनिवार दोपहर करीब एक बजे थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
