रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फरीदाबाद गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है और वह निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरिहा निवासी परवेज का पुत्र माज शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से फरिहा चौक से सरायमीर आगामी त्योहार की खरीदारी करने जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह फरीदाबाद गांव के पास पहुंचा, पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप गाड़ी ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बुलेट बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।