रिपोर्ट___SP त्रिपाठी

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार की शाम एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक की पहचान रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी निवासी मो. अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शहर के सीताराम मोहल्ला निवासी अब्दुल अजीम के मकान में किराए पर रहकर मजदूरी का काम करता था। वहीं इस पूरे मामले में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सोमवार की शाम करीब सात बजे कमरे में शव होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार फील्ड यूनिट द्वारा जांच किए जाने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोला जाएगा और शव को बाहर निकाला जाएगा। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है कि मृतक को आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।