
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र में युवक को जान से मारने की नीयत से की गई बेरहमी से पिटाई के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर उसकी पहचान छिपाने के लिए कपड़े उतारकर घटनास्थल पर छोड़ दिया और कपड़ों को रास्ते में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को चौकिया गांव निवासी सुशीला देवी ने थाना पवई में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र 7 जून की रात करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह वह गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास खड़ंजा मार्ग किनारे अचेत अवस्था में मिला। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में थाना पवई पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन युवकों की पहचान की। सोमवार सुबह निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बागबहार पुलिया के पास से हर्ष सिंह निवासी लारपुर गौहर थाना पवई, ओम सिंह निवासी अर्गूपुर कला थाना शाहगंज जौनपुर तथा सक्षम सिंह निवासी छबवा थाना शाहगंज जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस से हुई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मोटरसाइकिल से जा रहे थे। चौकिया गांव के पास एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच खड़ा था। हॉर्न देने के बावजूद रास्ते से नहीं हटने और बाद में विवाद होने पर तीनों ने मिलकर उसकी लात-घूंसों, जूतों और चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद युवक बेहोश हो गया, जिसे आरोपियों ने मृत समझ लिया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतारकर साथ ले गए और रास्ते में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित पैंट, जूते, बेल्ट सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना पवई में दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
