रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पम्प पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना मुबारकपुर में दर्ज मु0अ0सं0 191/2026 धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस से संबंधित मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।घटना 15 मई 2026 की बताई जा रही है। विशेन बीएस पेट्रोलियम बरडीहा उर्फ गडेरूआ के मैनेजर विवेक तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे किशन चौहान अपने साथियों के साथ पेट्रोल पम्प पर पहुंचा और अधिक मात्रा में पेट्रोल देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद करने लगा।

आरोप है कि शाम करीब 7 बजे किशन चौहान करीब 15-16 साथियों और एक महिला के साथ लाठी-डंडा, रम्मा व अन्य घातक हथियार लेकर दोबारा पेट्रोल पम्प पहुंचा और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश चन्द सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मामले की विवेचना के दौरान शनिवार को व0उ0नि0 वीरेन्द्र यादव मय हमराह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर औझौली पुल के पास से मुख्य आरोपी किशन चौहान पुत्र रामलक्षन चौहान निवासी पिचरी थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।