
रिपोर्ट____शिव सिंह
आज़मगढ़। मार्टीनगंज तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में पूरे दिन उत्साह बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दीदारगंज पुलिस भी मौके पर तैनात रही और पूरे चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी गई।
बार चुनाव में कुल 63 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में राम अजोर यादव ने 34 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेंद्र मिश्र को 29 मत मिले। इस तरह राम अजोर यादव पांच मतों से विजयी घोषित किए गए।
वहीं मंत्री पद पर बद्रिका प्रसाद यादव ने शानदार जीत हासिल करते हुए 36 मत प्राप्त किए। उनके प्रतिद्वंद्वी सुहेलदेव राजभर को 27 मत मिले। बद्रिका प्रसाद यादव नौ मतों के अंतर से मंत्री निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव प्रक्रिया एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राम प्रताप यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि अन्य पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। इसमें पवन कुमार प्रजापति उपाध्यक्ष, राजेश कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, प्रशांत कुमार तिवारी उप मंत्री तथा मान्ता प्रसाद यादव उप मंत्री प्रशासनिक पद पर निर्विरोध चुने गए हैं।
नवनिर्वाचित मंत्री बद्रिका प्रसाद यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और पूरे परिसर में लगातार निगरानी करते दिखाई दिए।
