कानपुर देहात। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोगों को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच ज्ञान साझा करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कानपुर देहात में जनपद स्तरीय नवाचार महोत्सव एवं नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई और शिक्षण पद्धतियों को बेहतर बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा एवं वरिष्ठ प्रवक्ता पंकज यादव के निर्देशन में सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने अपने प्रेरक उद्बोधन में शिक्षा में नवाचार, सृजनात्मकता और ज्ञान-विनिमय की आवश्यकता पर बल दिया।
महोत्सव का उद्देश्य शिक्षकों को एक मंच पर लाकर शिक्षण में आई चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा करना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए नई विधियों का आदान-प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में प्राइमरी और जूनियर स्तर पर अलग-अलग विषय श्रेणी में शिक्षकों को पुरस्कृत किया गया। प्राइमरी भाषा में अखिलेश यादव, रश्मि तिवारी, अश्वनी कुमार शर्मा; प्राइमरी गणित में महेश चंद्र, सपना सोनकर, अवंतिका सिंह; विज्ञान में रश्मि गौतम, अंकुर पुरवाल, मृदुला वर्मा ने पुरस्कार प्राप्त किए। जूनियर वर्ग में भाषा में पारुल मित्तल, अंशुल गुप्ता, रश्मि प्रजापति; गणित में आलोक श्रीवास्तव, भानु प्रताप गौर; विज्ञान में त्रिलोक चंद्र, कृतिका सुहारिया, मंजू को सम्मानित किया गया।
समापन पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार की मजबूत नींव रखेगा। कार्यक्रम का संचालन नोडल जगदम्बा त्रिपाठी और अरुण कुमार ने किया। डॉ प्राची शर्मा, संतोष सरोज, डॉ अनुराधा पाल, डॉ अनिल जैन, अंजना यादव, विपिन शांत आदि उपस्थित रहे।
