आजमगढ़।  आजमगढ़ लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने वाले भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव और सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव दोनों ही बैंक के कर्जदार हैं। निरहुआ पर 81 लाख तो धर्मेंद्र पर 93 लाख रुपये का बैंक का कर्ज है। वहीं धर्मेंद्र की पत्नी नीलम पर दो करोड़ से अधिक बैंक का कर्ज़ है। भाजपा प्रत्याशी जहां गाड़ियों के शौकीन हैं तो वहीं सपा प्रत्याशी को असलहों का शौक है।

भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ की संपत्ति

भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव

बुधवार को हुए नामांकन में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जो शपथ पत्र दिया है उसमें उन्होंने अपने द्वारा अर्जित कुल संपत्ति छह करोड़ 78 लाख रुपये दर्शाई है। इसके अलावा उनके पास 42 लाख रुपये की विरासती संपत्ति भी है। उनके पास मुंबई में तीन और गोरखपुर में एक फ्लैट है। उनकी पत्नी मंशा के पास 17 लाख रुपये हैं। उनके पुत्र आदित्य के पास भी सात लाख 74 हजार रुपये और दूसरे बेटे अमित के पास सात लाख रुपये मौजूद हैं। महाराष्ट्र के जिला मालधर के थाना महिति में उनके ऊपर धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज है। उनके पास 31 लाख 60 हजार रुपये की रेंज रोवर, पांच लाख 50 हजार रुपये की फार्च्यूनर और आठ हजार रुपये की पल्सर बाइक है।

सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव की संपत्ति

धर्मेन्द्र यादव सपा प्रत्याशी

वहीं अगर सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र को देखें तो उनके पास स्वयं से अर्जित कुल छह करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति है। उनकी पत्नी नीलम यादव पांच करोड़ 21 लाख की मालकिन हैं। धर्मेंद्र यादव जहां 93 लाख रुपये के बैंक के कर्जदार हैं तो उनकी पत्नी नीलम पर दो करोड़ 49 लाख रुपये का कर्ज है। धर्मेंद्र यादव के ऊपर चार मुकदमे दर्ज है। जिसमें दो मुकदमे पढ़ाई के दौरान प्रयागराज में दर्ज हुए थे।

पति से अधिक संपत्ति की मलिक है भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर

नीलम सोनकर भाजपा प्रत्याशी

भाजपा प्रत्यासी लोकसभा चुनाव में भाजपा ने लालगंज सुरक्षित सीट से इस बार पूर्व सांसद नीलम सोनकर को अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। हलफनामे में उन्होंने पांच वर्ष में पति, आश्रित समेत खुद की लगभग 7 करोड़ से अधिक की संपत्ति का विवरण दिया है।

भाजपा से कम है सपा उम्मीदवार दरोगा प्रसाद सरोज की संपत्ति

दरोगा प्रसाद सरोज सपा प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव लालगंज सीट पर सांसदी के लिए खड़े हुए भाजपा- सपा के प्रत्याशी धनवान हैं। सपा प्रत्याशी दरोगा प्रसाद सरोज भी करोड़ पति हैं। हालांकि नीलम सोनकर की तुलना में दरोगा प्रसाद सरोज की संपत्ति कम है।