रिपोर्ट____आशीष कुमार निषाद

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार को अतरौलिया डाक बंगला पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, प्रधानमंत्री की मितव्ययिता संबंधी अपील, विपक्ष के आरोपों और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बयानों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी पर मंत्री राजभर ने कहा कि इसका मुख्य कारण ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियां हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर तेल आपूर्ति और आयात-निर्यात पर पड़ता है, जिससे कीमतों में उछाल आता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात सामान्य होने पर आम जनता को राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मितव्ययिता और सोने की खरीद को लेकर की गई अपील का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी निर्णय राष्ट्रहित में होते हैं। उन्होंने कहा कि देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए जनता को प्रधानमंत्री की बातों का पालन करना चाहिए।

विपक्ष द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे फिजूलखर्ची के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं अपने काफिले को छोटा कर मितव्ययिता का संदेश दे रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के एक प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर दिए गए विवादित बयान की निंदा करते हुए राजभर ने कहा कि ब्राह्मण समाज देश की विद्वान परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता समाज में जातीय तनाव फैलाने का कार्य कर रहे हैं।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव की असामयिक मृत्यु पर दुख जताते हुए मंत्री राजभर ने इसे बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि यदि परिवार किसी प्रकार की आशंका जताता है तो सरकार निष्पक्ष जांच कराने के लिए तैयार है।