रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के लक्ष्मीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं हॉस्पिटल परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. विशाल जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है और वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं हॉस्पिटल परिवार भी पूरे उत्साह के साथ इसमें सहभागिता करता है। आगे डॉ. जायसवाल ने कहा कि योग मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। इससे मन शांत रहता है और व्यक्ति अपने कार्यों को अधिक एकाग्रता एवं दक्षता के साथ कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। प्रतिदिन केवल 10 मिनट योग करने से भी स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। योग सत्र के दौरान योग प्रशिक्षक प्रियांशु ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया। बीएससी नर्सिंग की आयुषी सिंह ने कहा कि योग न केवल बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है। कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित योग करने और स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल डॉ. रीना पांडेय, शिक्षक हेमंत पांडेय, शशांक श्रीवास्तव, श्रुति कुशवाहा, खुशबू मोदनवाल, सुधा, आकांक्षा, विनय, प्रदीप, दिव्यांशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।