
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर की अपराध से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कस दिया है। थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में मार्च 2026 में 353.990 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में प्रयुक्त कंटेनर वाहन को विधिक रूप से जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अमौड़ा टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए कंटेनर वाहन संख्या UP-79 AT-9418 से 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये आंकी गई थी। मौके से अंतरराज्यीय तस्कर राजीव कुमार यादव उर्फ संजीव कुमार उर्फ संजू निवासी औरैया को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियुक्त की आय और संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि तस्करी से अर्जित अवैध धन से कंटेनर वाहन खरीदा गया था। वाहन का मूल्य लगभग 10.50 लाख रुपये आंका गया। गम्भीरपुर पुलिस की रिपोर्ट पर नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM (FOP)A एवं NDPS एक्ट ने वाहन को “अवैध रूप से अर्जित संपत्ति” मानते हुए फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की। इसके बाद 22 जून 2026 को कंटेनर वाहन के विरुद्ध विधिक जब्तीकरण (Confiscation) की कार्रवाई पूरी कर ली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों पर भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आजमगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
