आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में द्वितीय दीक्षांत समारोह अब 7 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। यह बदलाव माननीय राज्यपाल/कुलाधिपति महोदया के कार्यालय के निर्देशानुसार किया गया है। प्रारंभ में यह कार्यक्रम 8 अक्टूबर को होना था, लेकिन राजभवन द्वारा प्राप्त ई-मेल के अनुसार इसे 24 घंटे पहले आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने इस परिवर्तन की पुष्टि की है।
दीक्षांत समारोह को भव्य बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने लगभग 25 समितियों एवं उप-समितियों का गठन किया है। खेलकूद एवं टेंट व्यवस्था समिति के संयोजक प्रो. प्रशांत कुमार राय, भोजन व्यवस्था समिति के संयोजक प्रो. संत कुमार, वार्षिक प्रगति आख्या समिति के संयोजक प्रो. जगदंबा दुबे, सामाजिक सेवा समिति के प्रो. जय सिंह, गार्ड ऑफ ऑनर समिति के संयोजक प्रो. अभिमन्यु यादव और मीडिया संचालन समिति के डॉ. प्रवेश कुमार सिंह सहित अन्य सभी संयोजक सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कुल सचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा एवं उप कुल सचिव केस लाल, सहायक कुल सचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव और विश्वविद्यालय का नॉन-टीचिंग स्टाफ समारोह की सफलता के लिए लगातार सहयोग कर रहे हैं। आवश्यक मार्गदर्शन कुलपति के निजी सहायकों के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
समारोह की तैयारियों की मॉनिटरिंग लगातार हो रही है ताकि विश्वविद्यालय का यह द्वितीय उत्सव पूर्णतया भव्य एवं स्मरणीय बन सके।
