
*रिपोर्ट_____आशीष कुमार निषाद*
आजमगढ़। जिले में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को अतरौलिया थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने कहा कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे किसी अन्य धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कुर्बानी की रस्म अपने-अपने घरों के अंदर ही पूरी की जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जहां अधिक संख्या में कुर्बानी हो रही हो, वहां नालियों में हरा रंग डाल दिया जाए, जिससे बहने वाले खून का रंग दिखाई न दे और लोगों को असहजता महसूस न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी प्रकार की नमाज अदा नहीं की जाएगी और सभी लोग निर्धारित स्थलों पर ही नमाज पढ़ें। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को खुले में न फेंकें, बल्कि गड्ढे में दबाकर अच्छी तरह ढक दें, ताकि गंदगी और दुर्गंध न फैले। बैठक में मौजूद लोगों ने बिजली और पानी की सुचारू व्यवस्था की मांग उठाई, जिस पर क्षेत्राधिकारी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी को कोई समस्या होती है तो वह तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क कर सकता है। बैठक में उप निरीक्षक विश्वजीत पांडे, मनीष कुमार विश्वकर्मा, सुरेंद्र यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
