लखनऊ। अलीगढ़ के नुमाइश ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राधे-राधे के साथ जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि जब मैं पिछली बार अलीगढ़ आया था तो मैंने आपसे अनुरोध किया था कि कांग्रेस-सपा की परिवादवाद की फैक्टरी पर अलीगढ़ का ताला लगा दो, आप लोगों ने मेरा अनुरोध स्वीकार कर उस पर ऐसा ताला लगाया आज तक उसे खोलने वाली चाबी नहीं मिल पा रही है । अच्छे भविष्य और विकसित भारत बनाने की चाबी भी आपके पास है।

मैं मोदी के लिए वोट मांगने आया हूं
उन्होंने कहा कि अब देश को गरीबी, भ्रष्टाचार, परिवारवाद वाली राजनीति से पूरी तरह मुक्त करने का समय आ गया है, इसके लिए एक बार फिर जरूरी है मोदी सरकार, इसके लिए आपको अलीगढ़ लोकसभा भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम को, हाथरस में अनूप वाल्मीकि को प्रचंड बहुमत से जिताना होगा । आप सतीश गौतम या अनूप वाल्मीकि के लिए जो कमल का बटन दबाएंगे, वह मोदी के लिए जाएगा। मैं मोदी के लिए वोट मांगने आया हूं। फसल काटने का समय चल रहा है मेरा आपसे अनुरोध है कि आप लोग प्रातः काल जलपान से पहले मतदान करें। आपका एक-एक वोट का बहुत महत्व है।

यह मोदी-योगी का करिश्मा है
पहले बॉर्डर पर गोली गोलियां चलती थीं, आए दिन हमारे वीर सपूत शहीद होते थे। तिरंगे में लिपटकर उनका पार्थिव शरीर घर लौटता था। अब यह सब कुछ बंद हो चुका है। पहले आए दिन आतंकी धमाके करने के साथ सीरियल ब्लास्ट करते रहते थे, अब इस पर भी रोक लग गई है। पहली बार मतदान करने वालों को इसके बारे में जानकारी नहीं होगी क्योंकि वह 10 वर्ष के होंगे। आप अपने परिवार वालों से पूछना कि पहले टीवी पर विज्ञापन आता था कि कहीं पर भी कोई अनजान लावारिस चीज दिखाई दे, उसको मत छूना और पुलिस को जानकारी देना। पहले रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर इस प्रकार की एनाउंसमेंट होते थे। पहले कोई लावारिस वस्तु को छू लेते तो बम ब्लास्ट होता था। निर्दाेष की मौत होती थी। यह मोदी योगी का करिश्मा है अब ऐसा नहीं होता है।

दंगे, हत्या, गैंगवार सपा सरकार के ट्रेडमार्क थे
पहले आर्टिकल 370 के नाम पर फोर्स पर पत्थर फेंकते थे। भाजपा सरकार से पहले अलीगढ़ में भी दंगा होता था। पड़ोस के जिले के लोग हाल-चाल लेते थे कि मैं आ जाऊं की ना आऊं। अब दंगों पर विराम लिख चुका है। यह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करके दिखाया है। दंगे, हत्या, गैंगवार सपा सरकार के ट्रेडमार्क थे, यही पहचान थी, यही उनकी राजनीति थी। एक समय हमारी बहन बेटियां घर से बाहर निकल नहीं पाती थीं। प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद सब पर विराम लग गया है। योगी जी के शासनकाल में अपराधियों की हिम्मत नहीं कि वह रात में वारदात को अंजाम दे सकें।

कांग्रेस-सपा ने तुष्टिकरण की राजनीति की

कांग्रेस-सपा ने तुष्टिकरण की राजनीति की है। मुसलमान के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कुछ नहीं किया। जब मैं पसमंदा मुसलमान की चर्चा करता हूं तो उनके बाल खड़े हो जाते हैं। तीन तलाक से बहन बेटियों का जीवन बर्बाद हो रहा था, पूरा परिवार परेशान हो जाता था । अब मोदी ने तीन तलाक कानून बनाकर उनका भी मुंह बंद कर दिया है। हज जाने के लिए कोटा में मारामारी होती थी। मैंने इस संबंध में सऊदी अरब के क्राउन से बात की और भारत का हज का कोटा बढ़ाने की मांग की न सिर्फ स्वीकार हुई। आज कोटा बड़ा है, अब वीजा नीति को भी आसान बना दिया गया है।

यह मोदी की गारंटी है

पहले मुस्लिम माता-बहन अकेली हज करने नहीं जा सकती थीं। अब मुस्लिम माता-बहन अकेली हज जा सकती हैं। वह सब मुझे आशीर्वाद दे रही है। सपा-कांग्रेस सरकार में पूरा पैसा देकर गरीब को राशन नहीं मिलता था। अब अलीगढ़-हाथरस में लाखों गरीबों को मुफ्त में पूरा राशन मिल रहा है। अलीगढ़-हाथरस के लाखों परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल रही है। अब मोदी की गारंटी है, देश के हर परिवार में आपके घर में जो बुजुर्ग माता-पिता है या अन्य बुजुर्ग हैं। इसके लिए मोदी ने गारंटी ली है कि आपके परिवार के 70 साल से ऊपर के बुजुर्ग को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज की व्यवस्था यह बेटा करेगा।

जो 10 साल में किया वह तो ट्रेलर है

भाइयों मैंने जो 10 साल में किया वह तो ट्रेलर है। सपा-कांग्रेस के लोग मेरे साथ चल नहीं पा रहे हैं। अलीगढ़ में एयरपोर्ट बन गया। अलीगढ़ में एएमयू तो थी राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज विश्वविद्यालय भी बन रहा है। इतना काम करने के बाद भी किसी का भी मन आराम करने को होगा लेकिन यह मोदी है, यह आराम करने की इच्छा नहीं रखता। मेरा जीवन का एक-एक पल 24 घंटे 7 दिन देश और आपके लिए है। ना मोदी रुकने वाला है, ना मोदी थकने वाला है। मोदी मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ। मोदी मेहनत करने के लिए पैदा हुआ है।

कांग्रेस इंडी गठबंधन की नजर आपकी कमाई, सम्पत्ति पर है

विपक्ष कहता है कि मोदी विकसित भारत की बात क्यों करता है, मोदी भारत को तीसरी आर्थिक ताकत बनाने की क्यों बात करता है, यह लोग अपने परिवार सत्ता के लोग के अलावा कुछ नहीं करते। यह जनता से छलावा करते रहते हैं। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के एक खतरनाक इरादे से आप लोगों को आगाह कर रहा हूं। मैं देशवासियों को आगाह करा रहा हूं कांग्रेस इंडी गठबंधन की नजर आपकी कमाई, सम्पत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो पता किया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है, किसके पास कितना धन है, कितने मकान हैं, इसकी जांच कराएंगे। यह जो सम्पत्ति है उसको सरकार अपने कब्जे में लेकर सबको बांट देगी। यह कांग्रेस ने अपने मेनोफेस्टो में कहा है।

माता-बहनों के गहने भी छीनना चाहते हैं विपक्षी

हमारी माता-बहनों के गहने पवित्र माने जाते हैं और कानून भी इनकी रक्षा करता है। यह हमारी माता-बहनों के गहने भी छीनना चाहते हैं। कितना धन संचयित किया है, इसकी भी जांच होगी। सरकार के नाम पर आपकी संपत्ति को छीनकर कांग्रेस बांटने की बात कर रही है। यह कांग्रेस और इंडी गठबंधन की माओवादी नीति है। यह आपकी संपत्ति लूटना चाहती है। इन परिवारवादी लोगों ने देश को लूट कर अपना साम्राज्य बड़ा लिया है। इन्होंने अपनी अद्भुत संपत्ति में से देश की जनता को कुछ नहीं दिया। सेवा की आड़ में घोटाले करने वाली कांग्रेस कभी अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर नहीं बनवा सकती थी ।