आजमगढ़। जिले के मेंहनगर तहसील क्षेत्र के गोपालपुर गांव में अंबेडकर जयंती के दौरान हुई घटना को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने सिधारी स्थित शारदा चौराहा के पास एक होटल के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज को जातीय आधार पर बांटने का प्रयास बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर लगे केसरिया झंडे को हटाकर दूसरा झंडा लगाने की कोशिश की गई थी, जिसे ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक रोक दिया। उस समय कोई विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि अगले दिन सुबह कुछ लोग संगठित होकर लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और दोबारा झंडा लगाने का प्रयास करने लगे। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के समझाने के बावजूद संबंधित लोग नहीं माने, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह के अनुसार,पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव और मारपीट की घटना हुई,जिसमें उपनिरीक्षक उमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कई ग्रामीणों को भी चोटें आईं। आगे उन्होंने समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक जाति विशेष के उत्पीड़न का आरोप लगाना पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। ऐसे बयान समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं, जिसकी भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है।भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध है और हर वर्ष अंबेडकर जयंती पूरे सम्मान के साथ मनाती है। और उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।