
रिपोर्ट___मेराज अहमद
आज़मगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रानीपुर के मिल्की पट्टी गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चिंता देवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति अर्जुन मुशहर ने घरेलू विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है।इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई जारी है।
