
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस की रिपोर्ट पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) ने पांच अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है।
जारी आदेश के अनुसार करन विश्वकर्मा (घाटीपट्टी, रानी की सराय), सूरज (घाटीपट्टी, रानी की सराय), आकाश यादव (रेवरा परवेजपुर, निजामाबाद), संकज (चेवार पश्चिम, देवगांव) तथा फकरे आलम उर्फ फकरू (कुरैश नगर, जीयनपुर) को आगामी चार माह तक प्रत्येक पखवाड़े अपने संबंधित थाने में प्रभारी निरीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी।
पुलिस के अनुसार इन सभी के खिलाफ पहले से मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी, आपराधिक धमकी, दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का मानना है कि इनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखना आवश्यक है ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी आरोपी निर्धारित अवधि में थाने पर हाजिरी दर्ज नहीं कराता है या आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
