

लखनऊ। बहुप्रतीक्षित भाजपा जिलाध्यक्षों की पहली सूची 16 मार्च को घोषित होगी। पहले चरण में करीब 80 जिलाध्यक्ष घोषित होने की संभावना है। प्रत्येक जिले में पर्यवेक्षक, जिला चुनाव अधिकारी व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश को 98 जिलों में बांटा हुआ है। इस समय जिलाध्यक्षों के चुनाव चल रहे हैं। आपसी खींचतान व सामाजिक समीकरण ठीक से न बैठने से कई जिलों में अध्यक्ष को लेकर आम सहमति नहीं बन पा रही है। केंद्र ने भी अधिक से अधिक जिलाध्यक्षों को घोषित करने के निर्देश दिए थे।
इसी के बाद नए सिरे से तय किए गए जिलाध्यक्षों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई थी। वहां से हरी झंडी मिल गई है। प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बताया कि 16 मार्च को संबंधित जिलों में ही जिलाध्यक्ष की घोषणा कर जश्न मनाया जाएगा। जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद प्रदेश अध्यक्ष का भी चुनाव जल्द हो जाएगा।