रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाजार के समीप उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार बढ़या गांव निवासी दिनेश उर्फ रिंशु (35) पुत्र कोमल रविवार को घर से बाजार में सामान खरीदने के लिए निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाजार के समीप उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता, 12 वर्षीय पुत्र मंगेश, सात वर्षीय पुत्री खुशी तथा पांच वर्षीय पुत्र अंकुश को छोड़ गए हैं। पति की अचानक मौत से पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दिनेश रविवार को घर पर खाना खाने के बाद सामान लेने के लिए बाजार गए थे, लेकिन कुछ देर बाद उनके निधन की सूचना मिली। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस पूरे मामले में थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।