रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पल्हना पुलिस चौकी अंतर्गत जमुई गांव में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक सब-इंस्पेक्टर को एक दिव्यांग व्यक्ति के घर से पकड़ने का दावा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरवी-112 टीम संबंधित सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ पल्हना पुलिस चौकी ले गई। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी पहुंचने के कुछ देर बाद ही संबंधित सब-इंस्पेक्टर मौका देखकर वहां से फरार हो गया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार संबंधित सब-इंस्पेक्टर पहले पल्हना पुलिस चौकी पर तैनात रह चुका है। इसी दौरान किसी मामले की जांच के सिलसिले में उसका जमुई गांव आना-जाना शुरू हुआ था। आरोप है कि उसी दौरान उसकी मुलाकात गांव के एक दिव्यांग व्यक्ति की पत्नी से हुई, जिसके बाद वह अक्सर गांव आने लगा। ग्रामीणों का दावा है कि वह कई बार रात में भी उक्त घर पर रुकता था और सुबह तड़के वहां से निकल जाता था। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले सब-इंस्पेक्टर का तबादला होकर जहानागंज थाने में हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उसका गांव आना-जाना जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि इस बात को लेकर गांव में लंबे समय से नाराजगी थी।रविवार देर रात जब संबंधित सब-इंस्पेक्टर फिर से दिव्यांग व्यक्ति के घर पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और पीआरवी-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ पल्हना पुलिस चौकी ले गई। इसके बाद जब ग्रामीण चौकी पहुंचे तो उनका आरोप है कि संबंधित सब-इंस्पेक्टर वहां से फरार हो चुका था। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस के आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।