रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले में सरकारी विभागों पर बिजली बिल का 20 करोड़ से अधिक बकाया चल रहा है, जबकि उपभोक्ताओं पर 150 करोड़ से ज्यादा बिजली बिल बकाया है। उपभोक्ताओं से बकाया वसूली के लिए राजस्व वसूली अभियान और बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए निगम ऑपरेशन जीरो थेफ्ट चलाया जा रहा है। शुक्रवार को इसकी जानकारी अधिशासी अभियंता शहर राजकुमार सिंह ने पत्र-प्रतिनिधियों से बात करते अपने कार्यालय में दी। आगे उन्होंने बताया कि बकाया वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ निगम ने अभियान तेज कर दिया है। बकाया न जमा करने वाले का कनेक्शन काट दिया जा रहा है। रोजाना 300 से 400 कनेक्शन काटे जा रहे वहीं, ऑपरेशन जीरो थेफ्ट के तहत 72 लोगों पर बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। बिजली चोरी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र को पूरी तरह बिजली चोरी से मुक्त किया जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। उन्होंने बताया कि ओवरलोड और कटिया कनेक्शन के कारण ट्रांसफॉर्मर और सिस्टम पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। गर्मी के मौसम में लोड अधिक होने से बार-बार फॉल्ट की स्थिति बन रही है। अब तक 200 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि की जा चुकी है, लेकिन बिना अनुमति लोड बढ़ाने और कटिया कनेक्शन के कारण समस्या बनी हुई है। बकाया बिजली बिल जमा न करने वालों और चोरी से बिजली का उपयोग करने वालों पर दोनों अभियान आगे भी निरंतर चलते रहेंगे।