रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा विभाग में कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में समग्र शिक्षा के अंतर्गत नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीराम यादव पर काम कराने के एवज में ₹3500 की मांग करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति और कंप्यूटर ऑपरेटर के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान पीड़ित अपने कार्य को कराने की बात करता है, जिस पर पहले टालमटोल की जाती है और बाद में कथित रूप से ₹3500 देने पर काम कराने की बात कही जाती है। वीडियो में जब पीड़ित ₹1000 में काम होने की बात पूछता है, तो जवाब मिलता है, “तू जा साढ़े तीन हजार रुपया दे दिहा, काम हो जाई।” साथ ही विभागीय कर्मचारियों का हवाला देकर अधिक धनराशि की मांग किए जाने की बात भी सामने आती है।

मामले के वायरल होते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अजय कुमार ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। डीआईओएस ने बताया कि वायरल वीडियो और ऑडियो की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।