
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को कस्बे के वीआईपी सड़क क्षेत्र में एक बड़ा ट्रेलर ट्रक गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए एक संकरी गली में घुस गया। गली की कम चौड़ाई के कारण ट्रक फंस गया, जिससे कई दुकानों के बारजे और साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी है और उन्होंने नुकसान की भरपाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर चालक बाहरी क्षेत्र का था। वह रास्ता खोजने के लिए गूगल मैप का उपयोग कर रहा था। मैप द्वारा बताए गए मार्ग पर चलते हुए वह वीआईपी सड़क से जुड़ी एक संकरी गली में पहुंच गया। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद ट्रक पूरी तरह फंस गया। ट्रक को निकालने के प्रयासों में सड़क किनारे स्थित कई दुकानों के बारजे और टीन शेड उखड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। ट्रक के फंसने से कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलने पर निजामाबाद थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को गली से बाहर निकाला गया और थाने ले जाया गया। दुकानदारों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए क्षेत्र में स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाने चाहिए। उन्होंने बैरियर लगाने की भी मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
