
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि और ग्राम समाज की संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय के आदेश पर धारा-24 के अंतर्गत स्थापित किए गए चिन्हांकन पत्थरों को उखाड़ने वाले दर्जनों लोगों के खिलाफ उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह के निर्देश पर विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कार्रवाई के बाद कब्जेदारों और भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।प्रशासन द्वारा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में न्यायालय के आदेश पर कई राजस्व ग्रामों में सरकारी भूमि का सीमांकन कर पत्थर स्थापित किए गए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने इन पत्थरों को उखाड़कर सरकारी कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालमपट्टी की पोखरी पर कब्जे के मामले में भैंसहा निवासी दयाशंकर तथा जैगहा ग्राम सभा की नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप में पातीखुर्द निवासी सुरेश के खिलाफ बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, देवारा तुर्क राजा ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे के मामले में सतिराम, नंदू और छांगुर के खिलाफ महाराजगंज थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। इसके अलावा शहाबुद्दीनपुर ग्राम सभा में भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप में भोलई, नाजो और धनई के विरुद्ध भी बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी क्रम में रघुनाथपुर ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में सूर्यदेव और इंदल निवासी रघुनाथपुर के खिलाफ महाराजगंज थाने में कार्रवाई की गई है। उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। न्यायालय के आदेश पर स्थापित पत्थरों को नुकसान पहुंचाने या उखाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
