
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बकेश गांव में रविवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार बकेश गांव निवासी संदीप राय का 7 वर्षीय पुत्र रुद्ध गांव के बाहर स्थित बहरतीय पोखरी के पास अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पोखरी में चली गई। बताया जा रहा है कि गेंद निकालने के लिए रुद्ध पोखरी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रुद्ध को पोखरी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था तथा कक्षा तीन का छात्र था। बेटे की मौत के बाद मां सपना राय समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार जौनपुर के रामघाट पर कर दिया।
