रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव में एक विवाहिता ने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र के विषहम गांव निवासी रुहुलहुदा की 21 वर्षीय बेटी अरहमा की शादी करीब 15 महीने पहले सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव निवासी शैफ के साथ हुई थी। शादी के दो महीने बाद ही शैफ नौकरी के लिए दुबई चला गया। इस दौरान अरहमा ने एक बच्चे को जन्म दिया, जो वर्तमान में आठ माह का है। वहीं परिजनों के मुताबिक अरहमा अक्सर अपने पति से घर लौटने की बात कहती थी, लेकिन पति द्वारा बार-बार बात टालने से दोनों के बीच विवाद होने लगा था। इसी पारिवारिक तनाव के चलते मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अरहमा ने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता रुहुलहुदा मौके पर पहुंचे। सूचना पर सरायमीर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतका के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं अरहमा की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सबसे मार्मिक दृश्य उसके आठ माह के मासूम बच्चे का है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। अभी उसे यह भी एहसास नहीं है कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। परिवार के सदस्य बच्चे को संभालने में जुटे हैं, लेकिन उसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग मासूम बच्चे के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।