
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के कलाफनपुर गांव की एक पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान आगे आए हैं। मंगलवार को शहर से सटे शेखपुरा स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने पीड़िता को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।
घोसी थाना क्षेत्र के कलाफनपुर गांव निवासी सुमित्रा चौहान ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) आजमगढ़ परिक्षेत्र को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ-साथ उसकी दो नाबालिग बेटियों के साथ भी मारपीट की, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उनकी शिकायत पर अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया।
प्रार्थना पत्र से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को विपक्षी पक्ष के लोगों ने सुमित्रा चौहान तथा उनकी बेटियों सबिता (17 वर्ष) और लाली (13 वर्ष) के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान अशोभनीय गालियां देते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वहीं पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना थाना घोसी, क्षेत्राधिकारी घोसी और पुलिस अधीक्षक मऊ को दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने विपक्षी पक्ष के प्रभाव में आकर उनके खिलाफ ही अपराध संख्या 100/2026 दर्ज कर दिया, जबकि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। सुमित्रा चौहान का आरोप है कि विपक्षी पक्ष उनकी पढ़ाई कर रही दोनों बेटियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश कर रहा है और समझौते के नाम पर एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। वहीं महिला ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज कराने, उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे को समाप्त कर अंतिम रिपोर्ट लगाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान ने बताया कि डीआईजी ने मामले में न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाया जाए तथा यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं आगे भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान ने कहा कि “महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होना आवश्यक है।”
