
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र स्थित गोलाघाट पर घाघरा नदी में डूबे युवक की तलाश लगातार जारी है। घटना के करीब 22 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ टीम और स्थानीय नाविकों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सरवन यादव समेत छह युवक गोलाघाट पर घाघरा नदी में स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सरवन यादव (लगभग 25 वर्ष) पुत्र चंद्रिका यादव निवासी पिहार नवतपी, थाना रौनापार, नदी की तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पानी में डूबते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलते ही सगड़ी एसडीएम श्याम प्रताप सिंह, तहसीलदार विवेकानंद और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन सोमवार दोपहर 12:30 बजे तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
इधर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि लोग तालाब, पोखर और नदियों जैसे गहरे जल स्रोतों से दूर रहें तथा बच्चों को अकेले स्नान करने के लिए न भेजें। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।
डीएम ने लोगों से जर्जर नावों का प्रयोग न करने, नाव यात्रा के दौरान लाइफ जैकेट पहनने और छोटे बच्चों को अकेले नाव पर न बैठाने की भी अपील की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि नशे की हालत में पानी में उतरना और गहरे पानी में जाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सेल्फी और पानी में जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की भी अपील की है।
फिलहाल प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।
