
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवाराजजीद किता प्रथम रतत का पुरवा गांव में मंगलवार की शाम करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गांव निवासी राजेश कुमार (30) मंगलवार को अपने मकान में शटरिंग कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन आनन-फानन में उन्हें महाराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार राजेश कुमार की पत्नी का निधन करीब छह माह पूर्व ही हो चुका है। उनकी एक पुत्री है। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।