
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के जैगहा मोड़ के पास मंगलवार की रात डीजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके फूफा घायल हो गए। दुर्घटना के समय दोनों बाइक से सामान लेने के लिए बाजार जा रहे थे। मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुघरपुर निवासी 24 वर्षीय अभिषेक राजभर के बड़े भाई की 10 दिन पूर्व शादी हुई थी। कन्या पक्ष के लोग बुधवार को चौथ लेकर आने वाले थे। जिसकी तैयारी में अभिषेक अपने फूफा 45 वर्षीय प्रमोद राजभर निवासी बनगांव थाना दीदारगंज के साथ मंगलवार की रात सामान लेने के लिए बाजार जा रहा था। जैगहा मोड़ के पास ओवरटेक करने के प्रयास में डीजे वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारते हुए फरार हो गया। जिससें दोनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मार्टीनगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने अभिषेक राजभर को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद राजभर की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। प्रमोद को जौनपुर में भर्ती कराया गया है।