आजमगढ। जिले के बरदह क्षेत्र के गिडउर गांव स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रदेश महासचिव शैलेंद्र सिंह गुड्डू के आवासीय परिसर में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का समारोह आयोजन कर स्वागत किया गया। पार्टी के प्रदेश महासचिव शैलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने स्वागत समारोह में बढ़चढ़ कर भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओम प्रकाश राजभर व विशिष्ट अतिथि एमएलसी विनीत सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को चांदी की निर्मित तलवार भेट किया गया।
समारोह की शुरुआत महाराजा सुहेल देव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पहले आजमगढ़ जनपद में आजमगढ़ और लालगंज लोकसभा सीट में कभी एक सीट सपा तो दूसरी बसपा जीतती थी। आजमगढ़ अब किसी का गढ़ नहीं रह गया है। पिछले बाई इलेक्शन में सपा का गढ़ टूट गया इस बार लोकसभा में बसपा का यही हाल होगा। सपा से विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर कहा कि जब वह साथ थे तब सपा आजमगढ़ की सभी 10 सीट जीतने की हिम्मत जुटा पाई। वोट किसके साथ रहता है यह नेतृत्व जानता है। इस बार लड़ाई नाम की चीज नहीं रह गई है कि लड़ेगा कौन । चाहे सपा हो, चाहे बसपा हो। इस दौरान वरिष्ठ नेता धमेंद्र सिंह पप्पू ने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की मौजूदगी में सुभासपा पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। इस अवसर पर अरविंद सिंह मखडू, धनंजय सिंह, बंटी राय प्रधान दिलीप यादव, मोहम्मद अरशद, जिलाध्यक्ष मोहन राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।