
रिपोर्ट_____आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के महादेवपुर (सेनपुर) गांव में तीन बच्चों की मां के गांव के ही एक युवक के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि महिला घर में रखे करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर युवक के साथ चली गई। महिला अपने साथ सात वर्षीय बेटी को भी ले गई, जबकि उसके दो बेटे घर पर रह गए। पीड़ित पति ने अतरौलिया थाने में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, पत्नी व बेटी की बरामदगी तथा सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
महादेवपुर निवासी भोला शर्मा उर्फ हरिंदर शर्मा पुत्र दयाशंकर शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा पुत्र रमाकांत शर्मा उसकी पत्नी शोभा शर्मा को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पति के मुताबिक, घर से जाते समय उसकी पत्नी करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई।
पीड़ित के अनुसार, उसके तीन बच्चे अभय (13), आदित्य (10) और अवनी (7) हैं। आरोप है कि शोभा अपनी सात वर्षीय बेटी को साथ ले गई, जबकि दोनों बेटे घर पर रह गए हैं। पति ने तहरीर में त्रिपुरारी के पिता रमाकांत शर्मा और मां उर्मिला शर्मा पर भी इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
भोला शर्मा का कहना है कि उसकी पत्नी और आरोपी युवक के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। उसने इस संबंध का विरोध करते हुए युवक के परिजनों से भी शिकायत की थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है।
