
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में पुलिस विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना अहरौला और थाना अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में मामलों का निस्तारण नहीं करने और उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थानाध्यक्ष अहरौला उपनिरीक्षक मंतोष सिंह और थानाध्यक्ष अतरौलिया उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता बरतने के आरोपी पाए गए हैं।
आरोप है कि दोनों उपनिरीक्षकों ने थाना स्थानीय पर नियुक्ति के दौरान कई विवेचनाओं को लंबित रखा और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके निस्तारण में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई। इसके अलावा उच्चाधिकारियों की ओर से दिए गए आदेशों और निर्देशों के अनुपालन में भी लापरवाही बरती गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित है।
निलंबित किए गए थानाध्यक्ष
उपनिरीक्षक मंतोष सिंह — थानाध्यक्ष अहरौला, आजमगढ़
उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे — थानाध्यक्ष अतरौलिया, आजमगढ़
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस विभाग की ओर से जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सचेत किया गया है। लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता सामने आने पर आगे भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
