रिपोर्ट_____अरुण यादव 

आजमगढ़। जनपद के थाना जहानागंज पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत जब्त की गई अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर करीब 250.56 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई कुल 20 मुकदमों से संबंधित बरामद शराब के संबंध में की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के क्रम में यह कार्रवाई शुक्रवार को थाना जहानागंज परिसर में संपन्न हुई। पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न तिथियों में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत जब्त की गई अवैध शराब को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के बाद नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान जब्त शराब को नाली में गिराकर नष्ट किया गया तथा पूरी प्रक्रिया का विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार जहानागंज तहसील सदर प्रवीण वर्मा एवं थानाध्यक्ष जहानागंज अतुल कुमार मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।