रिपोर्ट____SP त्रिपाठी 

आजमगढ़। जिले में समाज कल्याण विभाग ने शासन द्वारा 10 शिक्षकों के वेतन भुगतान पर लगाई गई रोक के बाद भी भुगतान करने के मामले में डीडी समाज कल्याण ने पटल सहायक सत्येंद्र बहादुर सिंह और समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगर कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि अभी तक नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।बता दें कि शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिंह ने 20 फरवरी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि जिला समाज कल्याण अधिकारी और उनके पटल सहायक द्वारा शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया तथा सहायक अध्यापकों की जो नियुक्तियां शासनादेश के विपरीत की गईं थीं, उन्हें शासन से रोक लगने के बाद भी भुगतान कर दिया। मंडलायुक्त के निर्देश पर डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति, जिसमें जिला विकास अधिकारी और मुख्य कोषाधिकारी शामिल थे, से पूरे मामले की जांच कराई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और संबंधित विभागीय अधिकारियों से साक्ष्य व अभिलेख लिए गए। जांच में सामने आया कि कुछ सहायक अध्यापकों की नियुक्तियां अवैध है, जिस पर शासन ने उनके वेतन भुगतान पर रोक लगा दिया था। इसके बावजूद उन्हें वेतन का भुगतान किया गया। इस प्रकार कुल 10 अध्यापकों को लगभग 51.46 लाख रुपये का भुगतान अनियमित रूप से किए जाने की पुष्टि हुई है। आख्या में यह भी कहा गया है कि इन मामलों से संबंधित प्रकरण पहले से ही उच्च न्यायालय में विचाराधीन रहे हैं। डीएम रविंद्र कुमार ने जांच रिपोर्ट के साथ कार्रवाई की संस्तुति कर शासन को भेज दिया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और बाद में डीडी समाज कल्याण ने समाज कल्याण विभाग के पटल सहायक और जिला समाज कल्याण अधिकारी पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगर कोतवाली में तहरीर दी है ।

पुलिस ने किया तहरीर मिलने से इंकार  वहीं डीडी समाज कल्याण ने जहां नगर कोतवाली में तहरीर देने का दावा किया वहीं नगर कोतवाली प्रभारी ने कोई भी तहरीर मिलने से इंकार किया। वहीं सीओ सिटी शुभम तोदी का कहना है कि ऐसे ही कोई कोतवाली में तहरीर दे देगा तो प्राथमिकी दर्ज नहीं हो जाएगी। इसके लिए उन्हें प्रापर चैनल से आना होगा। तभी प्राथमिकी दर्ज होगी। वहीं आरके चौहान, डीडी समाज कल्याण ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद इसकी जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि हुई। मामले की पुष्टि होने के बाद हमारी ओर से पटल सहायक सत्येंद्र बहादुर सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगर कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि अभी तक हमें डीडी समाज कल्याण की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। जैसे ही तहरीर मिलती है प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।