रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के  बरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 42 वर्षीय महिला के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने शुक्रवार को स्थानीय थाने पर तहरीर देकर गांव के ही दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दोनों आरोपी न सिर्फ उसे रास्ते में पकड़कर उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे, बल्कि उसके कपड़े फाड़ कर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का प्रयास भी किया।

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह घर के पास थी तभी गांव के वीरेंद्र तिवारी पुत्र जयमूरत तिवारी, जो घर से दुकान पर सामान लेने जा रहे थे, ने पुराने खिड़की विवाद को लेकर रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन कपड़े फाड़ने लगे। उसी समय बृजेश तिवारी पुत्र जयराम तिवारी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने कथित रूप से कहा कि कपड़ा फाड़कर नंगा करके मारो। यह सुनकर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद उसकी दोनों बेटियाँ मौके पर पहुंच गईं और गांव के अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए।

गांववालों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हुआ, लेकिन जाते-जाते आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए निकल गए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब वह स्नान करती है, तो खिड़की से दोनों आरोपी उस पर निगाह रखते हैं, जिससे उसकी निजता और मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है। महिला ने बताया कि उसके पति मुंबई में नौकरी करते हैं और घर में पुरुष सदस्य की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी अक्सर उसे परेशान करते हैं।

घटना की सूचना पाकर मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची। उन्होंने प्रारंभिक जांच कर महिला को थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में लिया है।पुलिस महिला की तहरीर पर मामले की छानबीन में जुटी है।